युवाओं की आत्महत्या पर जताया शोक, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
भीम प्रज्ञा न्यूज़ खेतड़ी।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई, नीट पेपर लीक प्रकरण तथा भीषण गर्मी में बिजली-पानी की कटौती को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खेतड़ी में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खेतड़ी उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा महामहिम राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार प्यारेलाल चावला को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का विश्वास टूटता जा रहा है। नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आमजन का जीवन संकट में है, वहीं भीषण गर्मी में बिजली-पानी की कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर आत्महत्या करने वाले युवाओं को मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए युवाओं को न्याय दिलाने और पेपर लीक माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शकुंतला यादव, खेतड़ी विधानसभा कांग्रेस प्रभारी प्रवीण जाखड़, जिला उपाध्यक्ष गोकुलचंद सैनी, ब्लॉक अध्यक्ष प्रथम बलराम गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष द्वितीय राम अवतार सैनी, शहर अध्यक्ष निकेश पारीक, सुधीर गुप्ता, पूर्व लोकपाल महावीर प्रसाद तोगड़िया, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा, चंदगीराम सैनी, केशव प्रसाद, अनूप पटेल, नासिर हुसैन, आकाश चौधरी, सत्यवीर महारानियां, विनोद सोनी, प्रेम चंदेला, अब्दुल गफ्फार, इंद्राज सैनी, शिवराम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार युवाओं, किसानों और आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

