रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.फतेहाबाद/रतिया। थाना सदर रतिया पुलिस ने लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक जोड़े के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह अपने पति की नशे की लत के कारण पिछले कुछ समय से गांव मिराना में मलकीत सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने रंजिश रखते हुए उनके घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया और उस पर तथा उसके साथी मलकीत सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर थाना सदर रतिया में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं जमीनी साक्ष्यों के आधार पर गांव भुथन खुर्द निवासी दो आरोपियों, मलकीत सिंह और मनजीत सिंह, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियारों तथा अन्य फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
