रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.फतेहाबाद/रतिया। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों एवं जनसेवा के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील, मानवीय एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाए। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए रतिया ट्रैफिक पुलिस की राइडर टीम ने अपनी ड्यूटी के दौरान मानवता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। राइडर नंबर-8 पर तैनात एसपीओ गुरप्यार सिंह नं. 190 तथा एचजीएच मंजीत सिंह नं. 2023 बुढलाडा रोड, रतिया क्षेत्र में यातायात ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति नशे की हालत में सड़क के बीचों-बीच बेसुध पड़ा हुआ है। उसकी स्थिति को देखते हुए किसी भी समय गंभीर सड़क दुर्घटना होने की आशंका थी, जिससे न केवल उसकी जान को खतरा था बल्कि अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती थी।पुलिस कर्मियों ने तत्काल मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए उक्त व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, उसे पानी पिलाया तथा प्राथमिक सहायता उपलब्ध करवाई। इसके बाद उन्होंने धैर्यपूर्वक उसका नाम-पता एवं परिजनों की जानकारी प्राप्त की और उनसे संपर्क स्थापित किया।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों को संबंधित व्यक्ति सुरक्षित एवं सकुशल सुपुर्द कर दिया गया पुलिस कर्मचारियों की इस तत्परता एवं संवेदनशील कार्यशैली से एक संभावित दुर्घटना टल गई तथा एक परिवार को बड़ी परेशानी से बचाया जा सका। यह घटना दर्शाती है कि फतेहाबाद पुलिस केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभा रही है। फतेहाबाद पुलिस आमजन की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर है तथा पुलिस अधीक्षक महोदया के नेतृत्व में सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन हेतु निरंतर कार्य कर रही है। “जनसेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता ही फतेहाबाद पुलिस की पहचान है।”
