भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी। झुंझुनूं जिले के पचेरी थाना क्षेत्र स्थित निहालोठ की ढाणी निवासी सीआरपीएफ जवान सुरेश कुमार का अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार श्रीनगर में सीआरपीएफ में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। सोमवार को उन्हें वापस ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए नारनौल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया। सुरेश कुमार अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है, जबकि एक बेटा लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत है और दूसरा बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।
सीआरपीएफ जवान के असामयिक निधन से निहालोठ की ढाणी सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताया। जवान का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
