चिड़ावा उपखंड कार्यालय के बाहर महंगाई, बेरोजगारी और नीट पेपर लीक के विरोध में धरना-प्रदर्शन करते विधायक पितराम सिंह काला एवं कांग्रेस कार्यकर्ता।
पिलानी विधायक पीतराम काला के नेतृत्व में उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
नीट पेपर लीक, बढ़ती महंगाई और युवाओं के भविष्य पर जताई गंभीर चिंता
भीम प्रज्ञा न्यूज़ | चिड़ावा@रजनीकांत मिश्रा
देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों, रुपए के गिरते मूल्य और नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर रविवार को चिड़ावा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिड़ावा एवं पिलानी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व पिलानी विधायक पितराम सिंह काला ने किया। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
उपखंड कार्यालय के बाहर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक काला ने कहा कि देश का युवा आज सबसे अधिक निराश और असुरक्षित महसूस कर रहा है। लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में बार-बार सामने आए विवादों ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में सीकर जिले के छात्र प्रदीप मेघवाल की आत्महत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। यह घटना केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की विफलता का प्रतीक है जो युवाओं को न्यायपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराने में असफल रही है।
महंगाई से आमजन बेहाल
सभा में वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। महंगाई का असर किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि रोजगार के अवसर सिमटते जा रहे हैं। ऐसे में युवाओं के सामने भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा
धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और आमजन को महंगाई से मुक्ति देने के बजाय सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित है। वक्ताओं ने कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं हुआ और महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो जनआंदोलन और तेज किया जाएगा।
युवाओं के भविष्य की लड़ाई जारी रहेगी
विधायक काला ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर आमजन को जागरूक करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह संघर्ष केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि देश के युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में रोहिताश रणवा, शेर सिंह नेहरा, निहाल सिंह रणवा, सुमित्रा सैनी, विजय मील, एडवोकेट संजय सैनी, विनोद काजला, नागरमल रावत, अनिल कटेवा, महावीर सिंह, हवासिंह यादव बजावा, अमर सिंह नूनिया, शीशराम धतरवाल, विजय सिंह श्योपुरा, राजकुमार ओजटू, लतीफ खान, राधेश्याम सुखाडिया, निखिल नूनिया, शिवलाल सैनी, सुभाष भांभू, शीशराम ओला, रामजीलाल सैनी, सत्यवीर सिंह, सुनील शर्मा, रामनिवास जांगिड़, कमल दीप गोदारा, रणवीर पूनिया, प्रेम लांबा, सत्यवीर धौलपुरिया, महेश हिम्मतरामका, संजय नूनिया, श्रीराम सैनी, परमानंद बुडानिया, सत्यनारायण गर्वा, मोती डांगी, राजेश काजला, देवेंद्र चौधरी, अतुल कुमार रावत, योगेश नूनिया, प्रेमप्रकाश मोयल, प्रदीप झाझड़िया, मनोज भास्कर, विकास जाखोदिया, बनवारी लाल सैनी, मुकेश रायला, रविन्द्र भांबू, राकेश स्वामी, विद्याधर ग्राम सेवक, दलीपसिंह भोजाबास, मानसिंह भगीना, वीरेंद्र पूनिया, रणधीर गोठवाल, विनोद कुमार शर्मा, विनोद पूनिया, सत्यनारायण शर्मा, महावीर मीणा, अरविंद बाडेटिया एवं नवीन फरट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

