राज्य सरकार की समिति में सामाजिक कार्यकर्ता वर्ग से मनोनयन, क्षेत्र में बधाइयों का दौर
मनोज खंडेलवाल @भीम प्रज्ञा न्यूज.महवा। महवा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपाई एवं सामाजिक कार्यकर्ता रामराज गुर्जर को दौसा जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता वर्ग से हुए इस मनोनयन को जनसेवा के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक सक्रियता का सम्मान माना जा रहा है। राजस्थान सरकार के जन अभियोग निराकरण विभाग के प्रावधानों के तहत प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा प्रत्येक जिले में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति का गठन किया जाता है। इसी क्रम में दौसा जिले के लिए गठित समिति में रामराज गुर्जर को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी आदेश के अनुसार यह मनोनयन सक्षम स्तर से अनुमोदित है।
जिला जन अभियोग एवं सतर्कता समिति का दायित्व आमजन की शिकायतों, जनहित के मामलों तथा विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा कर उनके प्रभावी समाधान की दिशा में सुझाव देना और निगरानी रखना है। ऐसे में रामराज गुर्जर की नियुक्ति को जन समस्याओं को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और उनके निराकरण की प्रक्रिया को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मनोनयन के बाद रामराज गुर्जर ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए समिति की जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन किया जाएगा। मनोनयन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, महवा विधायक राजेन्द्र मीना सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा तथा क्षेत्रवासियों ने उनके मनोनयन को महवा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
