तैयारियों को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक, जिले के सभी ब्लॉक में भी आयोजित होंगे योग दिवस कार्यक्रम
-6 जून को पुलिस लाइन में होगा योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला करेंगे शिरकत
-15 जून को डीपीआरसी भवन से एमएम कॉलेज तक निकाली जाएगी योग जागरूकता मैराथन
रजत विजय रंगा भीम प्रज्ञा @ न्यूज.फतेहाबाद 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 21 जून को फतेहाबाद के एमएम कॉलेज प्रांगण में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिला के सभी ब्लॉकों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीसी डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी डा. विवेक भारती ने बताया कि 21 जून के मुख्य आयोजन से पूर्व जिला में योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि 6 जून को सुबह 6 से 8 बजे तक पुलिस लाइन में पुलिस विभाग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि रतिया विधायक जरनैल सिंह, पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, पूर्व विधायक दुड़ाराम तथा पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
डीसी ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। उन्होंने बताया कि योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 जून को सुबह 6 बजे डीपीआरसी भवन से एमएम कॉलेज फतेहाबाद तक मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 8 से 10 जून तक गांवों में योग जागरण यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनके माध्यम से लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके बाद 11 से 13 जून तक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के लिए विशेष योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। 20 जून को एमएम कॉलेज में मुख्य कार्यक्रम की अंतिम रिहर्सल एवं पायलट अभ्यास कराया जाएगा ताकि योग दिवस का आयोजन सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
डॉ. विवेक भारती ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर के साथ-साथ सभी ब्लॉक स्तर के कार्यक्रमों की तैयारियां भी समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने आयुष विभाग को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रमानुसार सभी योग प्रोटोकॉल एवं अभ्यास सत्र आयोजित करना सुनिश्चित करें, ताकि प्रतिभागी मुख्य आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार रहें।बैठक में एसपी निकिता खट्टर, एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा, एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह, एसडीएम फतेहाबाद एवं सीटीएम गौरव गुप्ता, सीईओ जिला परिषद सुरेश कुमार, डीएमसी प्रवीण कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा, डीईओ संगीता बिश्नोई, कार्यकारी अभियंता देवेंद्र सिंह, अशोक कुमार, डॉ. राजेश सरदाना, योग प्रशिक्षिका अंबिका पांटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।
