विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक
भीम प्रज्ञा न्यूज@.कनीना
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज निर्वाचन पंजीयन अधिकारी (ईआरओ) एवं उपमंडल अधिकारी (ना.) कनीना डॉ. जितेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार, स्थानांतरण तथा मृत मतदाताओं के नाम हटाने संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है। इस कार्य में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से बीएलए -1 एवं बीएलए -2 नियुक्त करने का अनुरोध किया ताकि बीएलए के माध्यम से मतदाता सूची के सत्यापन कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।उपमंडल अधिकारी ने अवगत कराया कि कोई भी बीएलए प्रारूप प्रकाशन से पहले बीएलओ के पास प्रतिदिन 50 गणना प्रपत्र तक जमा करवा सकेगा और उसके बाद दावे तथा आपत्तियों की अवधि के दौरान प्रतिदिन 10 व पूर्ण अवधि के दौरान कुल 30 दावे तथा आपत्तियों के फॉर्म जमा करवा सकेगा। इस अवसर पर निर्वाचन कानूनगो पूनम, भाजपा विधानसभा बीएलए राजेन्द्र, इनेलो हल्का प्रधान कर्ण सिंह, कांग्रेस ब्लॉक प्रधान रतन सिंह और जेजेपी से विनय यादव उपस्थित रहें।
