पंचायत की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की उठाई मांग
भीम प्रज्ञा न्यूज.नोखा।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोमलसर में लंबे समय से लंबित पड़ी विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग को लेकर सोमवार को सरपंच प्रियंका सारण के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नोखा उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम पंचायत विकास और आमजन से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं का जल्द से जल्द समाधान कराने की पुरजोर मांग की गई। उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए सोमलसर सरपंच प्रियंका सारण ने कहा कि ग्राम पंचायत में कई प्रशासनिक और विकास संबंधी कार्य काफी समय से अटके हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि प्रशासन ने इन समस्याओं पर जल्द ही कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो ग्रामीणों को मजबूरन आगे कदम उठाना पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि वे स्वयं संज्ञान लेकर इन मामलों का त्वरित गति से निवारण करवाएं।
ज्ञापन के दौरान यह रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान उपखंड कार्यालय में सरपंच प्रतिनिधि रूपाराम सारण सहित भारी संख्या में जागरूक ग्रामीण और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहें।ग्रामीणों ने भी एक सुर में सरपंच की मांगों का समर्थन किया और प्रशासन से जल्द राहत प्रदान करने की अपील की। मुख्य बात उपखंड अधिकारी ने सरपंच और ग्रामीणों की बात को ध्यानपूर्वक सुना और उचित विधिक व प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के जल्द से जल्द समाधान का भरोसा दिलाया है।
