यमुना जल समझौते के लिए जताया आभार, खेतड़ी के विकास कार्यों पर हुई चर्चा
हर्ष स्वामी
भीम प्रज्ञा न्यूज.खेतड़ी। खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर ने बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने खेतड़ी सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और जीवनदायिनी माने जा रहे यमुना जल समझौते के लिए मुख्यमंत्री का खेतड़ी क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। विधायक धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि यमुना जल समझौता शेखावाटी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिससे भविष्य में पेयजल और सिंचाई की दिशा में बड़े सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की जनता की भावनाओं से अवगत कराते हुए इस महत्वपूर्ण पहल के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आगामी विकास योजनाओं को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। विधायक ने क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकताओं और विकास से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के समग्र विकास के साथ-साथ खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विधायक धर्मपाल गुर्जर ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खेतड़ी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और क्षेत्र में जनहित की योजनाओं को गति मिलेगी।
