भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पचेरी कलां में बुधवार को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम एवं डिजिटल जागरूकता विषय पर एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन अपराध, महिला सुरक्षा और कानूनी सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पुलिस विभाग के एएसआई शीशराम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक होना सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय है। उन्होंने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी अथवा पासवर्ड किसी से साझा नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही साइबर अपराधियों के हौसलों को कमजोर कर सकता है। एएसआई शीशराम ने छात्राओं को साइबर क्राइम हेल्पलाइन, पुलिस हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन तथा चाइल्ड हेल्पलाइन सहित विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करना चाहिए।
महिला पुलिसकर्मी रीतू ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा तथा कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, धमकी या ऑनलाइन उत्पीड़न की घटना होने पर बिना डर के परिजनों और पुलिस को तुरंत सूचित करें। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं को सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। राज्य स्तरीय सम्मानित शिक्षक डॉ. हरद्वारी लाल ने अपने संबोधन में साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताते हुए कहा कि डिजिटल युग में तकनीक का उपयोग समझदारी और सतर्कता के साथ करना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आग्रह किया तथा कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया।
इसी अवसर पर विद्यालय में स्थानांतरण के बाद विज्ञान विषय की वरिष्ठ अध्यापिका रेखा सैनी तथा गणित विषय की वरिष्ठ अध्यापिका योग्यता यादव ने कार्यग्रहण किया। विद्यालय परिवार ने दोनों शिक्षिकाओं का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में व्याख्याता मुकेश कुमार, सोनू कुमार, वरिष्ठ अध्यापक महेंद्र कुमार सरोज, डॉ. हरद्वारी लाल, मनीष, अंकित, नरेश, संगीता, उर्मिला सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
