भीम प्रज्ञा न्यूज.सूरजगढ़। सीकर-लोहारू स्टेट हाईवे पर सूरजगढ़ क्षेत्र के कासनी गांव में आरएसआरडीसी द्वारा करीब 45 लाख रुपये की लागत से बनाया गया नाला महज एक महीने में ही गुणवत्ता की पोल खोल गया। सड़क किनारे बने नाले के तीनों चैंबर धंसने से गहरे गड्ढे बन गए हैं, जो अब वाहन चालकों और राहगीरों के लिए जानलेवा खतरा बन चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थान पर लंबे समय से जलभराव की समस्या थी, जिसके समाधान के लिए कई बार 181 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद विभाग ने नाला निर्माण करवाया, लेकिन निर्माण के कुछ ही दिनों बाद इसकी स्थिति खराब हो गई। हाईवे पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, ऐसे में ये गड्ढे बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों ने आरएसआरडीसी और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तुरंत मरम्मत की मांग की है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि “नाला नहीं, मिट्टी धंसी है”, जिसे जल्द ठीक कर दिया जाएगा। सवाल यह है कि 45 लाख के निर्माण में इतनी जल्दी आई खामी की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।
