भीम प्रज्ञा न्यूज.जयपुर। राजस्थान के सीकर जिले के श्रीमाधोपुर निवासी डॉ. ओम प्रकाश व्यास को दिल्ली राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को बाल अधिकारों और मानवाधिकार संरक्षण के क्षेत्र में लंबे अनुभव की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। डॉ. व्यास इससे पहले राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली में जॉइंट रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत रहे हैं। उन्होंने विधि (लॉ) में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है तथा मानवाधिकार के क्षेत्र में वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग में कार्यकाल के दौरान उन्होंने मानवाधिकार से जुड़े कई अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चलाकर नक्सलियों की गोली बारी के बीच सैकड़ों बाल श्रमिकों को बंधन से मुक्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। डॉ. व्यास संयुक्त राष्ट्र संघ के विभिन्न मंचों पर आमंत्रित विषय विशेषज्ञ के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे देश के विभिन्न राज्यों में पुलिस अधिकारियों, जेल अधिकारियों तथा मानवाधिकार संस्थाओं को कानून और मानवाधिकार विषय पर प्रशिक्षण भी प्रदान करते रहे हैं।उनकी नियुक्ति से बाल अधिकारों के संरक्षण और बच्चों के हितों से जुड़े मामलों में आयोग की कार्यक्षमता को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
