आज ढिगाल एवं नवलगढ़ के सेवा शिविरों का करेंगे निरीक्षण
भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन (आईएएस) ने मंगलवार को झुंझुनूं जिले के दौरे के दौरान उदयपुरवाटी नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर एवं ग्राम पंचायत गुढ़ागौड़जी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की समीक्षा की, आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उदयपुरवाटी नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान प्रभारी सचिव ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी से भवन निर्माण स्वीकृति, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, यूडी टैक्स, सफाई व्यवस्था तथा अन्य नगरीय सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं सरल, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक विभाग संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करे।
नवीन जैन ने पालनहार योजना के लाभार्थियों के लंबित सत्यापन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश देते हुए पात्र परिवारों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क इंडक्शन कुकटॉप एवं आवासीय पट्टों का वितरण कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुरुषोत्तम धानका, उदयपुरवाटी उपखंड अधिकारी सुमन सोनल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके पश्चात प्रभारी सचिव ग्राम पंचायत गुढ़ागौड़जी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी देते हुए पशुपालकों से अधिकाधिक संख्या में योजना से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपलब्ध स्वास्थ्य सुरक्षा एवं दुर्घटना बीमा के लाभों की जानकारी देकर पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, झुंझुनूं उपखंड अधिकारी रामकरण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दौरे के अंतिम चरण में प्रभारी सचिव ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक के प्रारंभ में जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बजट घोषणाओं, फ्लैगशिप योजनाओं तथा जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा बैठक में नवीन जैन ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति का विभागवार अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने स्टॉलों पर संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने ड्रोन दीदी योजना, विद्यालयों में नामांकन एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं, पालनहार योजना तथा बजट घोषणाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी विभाग के अधिकारियों को रात्रि आठ बजे के बाद शराब की दुकानें खुली रहने संबंधी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर अजय कुमार आर्य सहित सभी जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आज ढिगाल एवं नवलगढ़ के सेवा शिविरों का करेंगे निरीक्षण
प्रभारी सचिव नवीन जैन बुधवार को अपने दौरे के दूसरे दिन नवलगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत ढिगाल में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा नवलगढ़ नगरपालिका में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की समीक्षा करेंगे, लाभार्थियों से संवाद करेंगे तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति का जायजा लेंगे। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगे।
