परिवार कल्याण कार्यक्रमों में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिलेगा 2 लाख रुपए का पुरस्कार
भीम प्रज्ञा न्यूज.खेतड़ी। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय सम्मान समारोह में खेतड़ी पंचायत समिति ने परिवार कल्याण एवं जनसंख्या स्थिरीकरण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में जिले में प्रथम स्थान हासिल कर नई उपलब्धि दर्ज की है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पंचायत समिति को 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहाड़ा और ग्राम पंचायत सिहोड़ को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान परिवार नियोजन, जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा जनजागरूकता अभियानों के प्रभावी संचालन के आधार पर दिया गया। इस उपलब्धि से पूरे खेतड़ी उपखंड में खुशी और उत्साह का माहौल है।
जिला स्तरीय समारोह में हुआ सम्मान
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने आयोजित समारोह में खेतड़ी पंचायत समिति की प्रधान मनीषा गुर्जर, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. हरीश यादव, बीपीएम जयकुमार, बीएएफ रितू पालीवाल, सीएचसी मेहाड़ा प्रभारी डॉ. संजय भारद्वाज, ग्राम पंचायत सिहोड़ के सरपंच मुकेश कुमार, डॉ. पंकज यादव तथा उप जिला अस्पताल खेतड़ी के नर्सिंग ऑफिसर अनिल कुमार को सम्मानित किया।
बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव बोले— टीमवर्क से मिली सफलता
सम्मान प्राप्त करने के बाद बीसीएमओ डॉ. हरीश यादव ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों, आशा सहयोगिनियों, एएनएम और आमजन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि परिवार कल्याण, जनसंख्या स्थिरीकरण, सुरक्षित मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य किया। भविष्य में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और जनहित की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए इसी तरह प्रयास जारी रहेंगे। सम्मानित सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम और क्षेत्रवासियों के सहयोग को देते हुए जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया।
