विधायक ललित यादव बोले – ग्रामीण विकास हमारी प्राथमिकता
रमेशचंद
भीम प्रज्ञा न्यूज.मुंडावर। उपखंड क्षेत्र के खरेटा ग्राम पंचायत के अंतर्गत सिंघलका, खानपुर मेवान और सुहेटा गांव में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शुभारंभ मंगलवार को मुंडावर विधायक ललित यादव द्वारा किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विधायक का स्वागत किया। विधायक ललित यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, पेयजल, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जा रहा है, ताकि आमजन को बेहतर और समय पर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है और प्रत्येक गांव में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खरेटा सरपंच प्रतिनिधि सलामुद्दीन खान ने की। उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयासों से पंचायत क्षेत्र में लगातार नए विकास कार्य स्वीकृत हो रहे हैं, जिसका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
