सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज.बीकानेर। कोलायत विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति बज्जू के अंतर्गत आने वाले माणकासर गांव की बेटी सरोज मेघवाल ने लाइब्रेरियन ग्रेड-3 भर्ती परीक्षा में ऑल राजस्थान 294वीं रैंक हासिल कर परिवार, गांव, क्षेत्र और मेघवाल समाज का नाम रोशन किया है। साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली सरोज ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि को माणकासर गांव और मेघवाल समाज के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि समाज की किसी बेटी ने पहली बार इस स्तर पर सफलता प्राप्त की है। सरोज की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से क्षेत्र की बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को नई प्रेरणा मिली है। इस उपलब्धि पर परिजनों, ग्रामीणों, समाज के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने सरोज मेघवाल को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
