भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता अभियान के तहत मंड्रेला तिराहा पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस थाना चिड़ावा, शेखावाटी परिवार और पीसीपी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में दुपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए 70 हेलमेट मुफ्त वितरित किए गए। यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृताधिकारी चिड़ावा विकास धिंधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी चिड़ावा के नेतृत्व में चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। थानाधिकारी चिड़ावा ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क हादसों में होने वाली अधिकांश गंभीर चोटों और मौतों के मामलों में हेलमेट एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। उन्होंने सचेत किया कि एक छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए दुपहिया वाहन चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट जरूर पहनना चाहिए। यातायात व्यवस्था को सुधारने और हादसों में कमी लाने के लिए पुलिस ने वाहन चालकों से इन बातों का पालन करने की अपील की घर से निकलते समय हेलमेट पहनना अपनी आदत में शुमार करें, सड़कों पर निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, नशें की हालत में वाहन बिल्कुल न चलाएं, यह खुद और दूसरों के लिए जानलेवा है, सभी यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन कर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करें।
