भीम प्रज्ञा न्यूज.लक्ष्मणगढ़। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और मानदेय वृद्धि को लेकर सोमवार को यहां स्थानीय होटल में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीकर जिला अध्यक्ष अनीता गुर्जर ने की। भारतीय मजदूर संघ की मौजूदगी में नई आंगनबाड़ी इकाई का गठन भी किया गया।बैठक में मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष राजकुमार भास्कर ने कहा कि पल्स पोलियो, चुनाव ड्यूटी से लेकर हर स्वास्थ्य अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही है। इसके बावजूद सरकार इनकी बुनियादी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। बढ़ती महंगाई में इतने कम मानदेय पर परिवार चलाना अब असंभव हो चुका है। यदि सरकार ने जल्द मांगों पर विचार नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को स्थायी कर्मचारी घोषित करने, समान काम समान वेतन, स्थायीकरण होने तक मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि , ऑनलाइन काम के लिए स्मार्टफोन व मासिक इंटरनेट भत्ता, सेवानिवृत्ति पर पेंशन और ग्रेच्युटी देने की मांग की गई। नई कार्यकारिणी की घोषणा निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा कंवर ने की। गठित कार्यकारिणी में अध्यक्ष परमेश्वरी बाटड़, उपाध्यक्ष संतरा देवी, सचिव सुमित्रा ताखर, कोषाध्यक्ष अंजू शर्मा, संगठन मंत्री सुमन सैनी, मंत्री माया दायमा, शांति शर्मा, कृष्णा इंदौरिया एवं उम्मीद सैनी को नियुक्त किया गया। बैठक में निर्मला देवी, किरण, सुशीला, सुमन, मुनि देवी, सीता देवी, तारामणि सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
