फिट इंडिया अभियान को मिला जनसमर्थन, युवाओं को नशामुक्त और अनुशासित जीवन का संदेश
योग और साइकिल रैली के जरिए पुलिस व आमजन ने अपनाई स्वस्थ जीवनशैली की पहल
फिट इंडिया अभियान को मिला जनसमर्थन, युवाओं को नशामुक्त और अनुशासित जीवन का संदेश
भीम प्रज्ञा न्यूज़ | झुंझुनूं
भारतीय खेल प्राधिकरण एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के फिट इंडिया अभियान के तहत झुंझुनूं पुलिस द्वारा रविवार को “संडे ऑन साइकिल” अभियान के अंतर्गत योग एवं साइकिल रैली का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित व्यायाम को प्रोत्साहित करना तथा फिट और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित योग सत्र से हुई। योगाभ्यास में पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्यूआईडीटी फूलचंद मीणा आरपीएस सहित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को नियमित योग और व्यायाम के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवन के लिए इसे आवश्यक बताया।
योग सत्र के बाद सामुदायिक भवन रिजर्व पुलिस लाइन से शहीद स्मारक तक साइकिल रैली निकाली गई। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों को नियमित साइकिलिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को साइकिलिंग और व्यायाम के स्वास्थ्य लाभों के साथ-साथ नशामुक्त जीवनशैली एवं अनुशासित दिनचर्या के महत्व से भी अवगत कराया गया। आयोजन के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच सकारात्मक संवाद तथा बेहतर समन्वय को भी मजबूती मिली।
झुंझुनूं पुलिस ने अभियान में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
