6.88 ग्राम हेरोइन, 10,800 नशीली कैप्सूल व वाहन बरामद
रजत विजय रंगा भीम प्रज्ञा न्यूज.टोहाना। सीआईए टोहाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुप्ता कॉलोनी टोहाना निवासी संजय उर्फ संजू पुत्र जरनैल सिंह को हेरोइन तथा भारी मात्रा में नशीली कैप्सूलों सहित काबू किया है। सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी नई बाईपास रोड स्थित लोहा नहर पुल के समीप नशीले पदार्थों की तस्करी के उद्देश्य से मौजूद है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर मौके पर छापेमारी की और आरोपी को काबू कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 6.88 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा आरोपी की गाड़ी से प्रीगाबालिन युक्त कुल 36 बॉक्स नशीली कैप्सूल बरामद की गईं, जिनमें लगभग 10,800 कैप्सूल थीं। बरामद दवाइयों के संबंध में आरोपी कोई वैध लाइसेंस अथवा बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने हेरोइन, नशीली कैप्सूलों तथा वाहन को कब्जा पुलिस में लेकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई। इस संबंध में थाना शहर टोहाना में अभियोग संख्या 159, दिनांक 31 मई 2026, धारा 21बी/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में नशीले पदार्थों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।