साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, दहेज प्रथा उन्मूलन व अभय ऐप के प्रति किया जागरूक
रजत विजय रंगा भीम प्रज्ञा न्यूज.टोहाना।
महिला सुरक्षा टीम एवं साइबर थाना फतेहाबाद द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को विभिन्न सामाजिक एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में महिला सुरक्षा टीम प्रभारी निरीक्षक मंजू सिंह तथा साइबर थाना फतेहाबाद में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता के कुशल नेतृत्व में गांव डांगरा, टोहाना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी नंबर अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
साइबर ठग विभिन्न माध्यमों से लोगों को झांसे में लेकर आर्थिक धोखाधड़ी करते हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। इसके अलावा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग तथा भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों से दहेज न लेने और न देने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया तथा महिलाओं के अधिकारों एवं उनकी सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अभय ऐप के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को ऐप डाउनलोड करने, इसके फीचर्स तथा आपातकालीन स्थिति में इसके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, महिला उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।