रमेश चन्द
भीम प्रज्ञा न्यूज.नीमराना । ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच स्वर्गीय दिनेश यादव की तृतीय पुण्यतिथि बाबा शिव स्वरूप गौशाला, नाघोड़ी में श्रद्धा और भाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। वक्ताओं ने स्व. दिनेश यादव के समाजसेवी व्यक्तित्व और गौसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश यादव गौशाला के लिए पूरी तरह समर्पित थे। गौवंश संरक्षण और गौशाला के विकास में उनका अहम योगदान रहा। उनकी मेहनत और लगन से ही गौशाला को नई पहचान मिली। इसी कारण उनकी पुण्यतिथि का आयोजन गौशाला परिसर में किया गया, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके। कार्यक्रम में संत शीतल नाथ महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। श्रद्धांजलि सभा में गौशाला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, उपाध्यक्ष सूबेदार जसवंत सिंह, व्यवस्थापक ओमप्रकाश, नित्यानंद मास्टर, दिलीप मुनीम, ताराचंद, लक्ष्मण प्रसाद, हंसराज, संजय झगडोलिया, भरतपाल, ऋषि सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अंत में सभी ने स्वर्गीय दिनेश यादव के बताए मार्ग पर चलने और गौसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
