आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा
“समाज पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए होगी मजबूत पैरवी”
भीम प्रज्ञा न्यूज़ झुंझुनूं|
उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के गुढ़ा गौड़जी कस्बे के निकट खींवासर गांव में पवन मेघवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले को लेकर पूर्व भीम आर्मी जिलाध्यक्ष विकास आल्हा समाज के साथियों के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि समाज अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ा है। विकास आल्हा ने बताया कि दो दिन पूर्व दबंगों द्वारा पवन मेघवाल पर बेरहमी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना को लेकर झुंझुनूं पुलिस प्रशासन से वार्ता की गई, जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करवाई गई।
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की तथा घटना की जानकारी ली। विकास आल्हा ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की मजबूत कानूनी पैरवी की जाएगी, ताकि आरोपियों को किसी प्रकार की राहत न मिल सके और दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज पर हो रहे अत्याचारों को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा। इस दौरान समाज के कई साथी एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिन्होंने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
