होमगार्ड परिवार ने निभाया मानवता का धर्म, दिवंगत जवान सुभाष के परिजनों को ₹1.55 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान
भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं।
मानवीय संवेदनाओं और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए होमगार्ड विभाग के अधिकारियों एवं जवानों ने दिवंगत होमगार्ड जवान स्वर्गीय सुभाष (बेल्ट नंबर-245) के परिवार की आर्थिक सहायता के लिए सराहनीय पहल की है। होमगार्ड स्टाफ ने स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्रित कर उनके परिजनों को ₹1,55,500 (एक लाख पचपन हजार पांच सौ रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की। होमगार्ड जवान स्वर्गीय सुभाष के निधन के पश्चात उनके परिवार पर आए दुःख और आर्थिक संकट को देखते हुए होमगार्ड परिवार ने एकजुटता का परिचय दिया। सभी साथी उनके पैतृक गांव कासनी, तहसील सूरजगढ़ (जिला झुंझुनू) पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सहयोग राशि भेंट कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर उपस्थित होमगार्ड जवानों एवं अधिकारियों ने दिवंगत सुभाष को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि किसी साथी के दुःख को अपना दुःख समझना ही परिवार होने का वास्तविक अर्थ है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुभाष ने अपने कर्तव्यों का सदैव निष्ठापूर्वक निर्वहन किया और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। पूरा होमगार्ड परिवार उनके परिजनों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहेगा।
ग्रामीणों ने भी होमगार्ड स्टाफ की इस संवेदनशील पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जब सामाजिक सरोकार कमजोर पड़ते दिखाई दे रहे हैं, ऐसे में किसी दिवंगत साथी के परिवार के प्रति इस प्रकार का सहयोग समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। यह पहल आपसी सहयोग, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने का कार्य करती है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
यह पहल इस बात का संदेश देती है कि वर्दी केवल कर्तव्य का प्रतीक नहीं, बल्कि संवेदनशील मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों की भी पहचान है।
