मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज.महवा। कहते हैं कि “प्रतिभा अवसर की मोहताज नहीं होती, उसे केवल सही मंच की जरूरत होती है।” इसी सोच को साकार करते हुए दा बौहराज ग्लोबल स्कूल, महवा में आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप का शनिवार को उत्साह, उमंग और उपलब्धियों के बीच भव्य समापन हुआ। पखवाड़े भर चले इस कैंप में बच्चों ने अपनी छिपी प्रतिभाओं को न केवल पहचाना बल्कि उन्हें निखारकर शानदार प्रदर्शन भी किया। समापन अवसर पर प्रतिभागी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।विद्यालय परिसर में आयोजित समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को गति देना और उनमें रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता तथा आत्मविश्वास का संचार करना रहा। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को योग, नृत्य, संगीत, आर्ट एंड क्राफ्ट, जुंबा, खेलकूद, व्यक्तित्व विकास, सार्वजनिक भाषण, रचनात्मक लेखन तथा टीम वर्क जैसी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों ने बच्चों की प्रतिभा को नई दिशा देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामूहिक कार्य संस्कृति का भी विकास किया।
समापन समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से कैंप के दौरान अर्जित कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों के आत्मविश्वास, ऊर्जा और उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरे आयोजन के दौरान यह स्पष्ट दिखाई दिया कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं यदि सही मार्गदर्शन और अवसर प्राप्त करें तो वे किसी भी मंच पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकती हैं। विद्यालय निदेशक विनय बौहरा ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व को संपूर्णता प्रदान करना भी है। उन्होंने कहा कि समर कैंप जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रुचियों को पहचानने, नई क्षमताओं को विकसित करने और जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास प्रदान करते हैं। सह-निदेशक विकास बौहरा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में विद्यार्थियों का बहुआयामी विकास समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ऐसे आयोजन बच्चों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक मूल्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण का निर्माण करते हैं, जो उनके भविष्य की मजबूत नींव साबित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने समर कैंप को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।समारोह में निदेशक विनय बौहरा, सह-निदेशक विकास बौहरा, वाइस प्रिंसिपल श्वेता राणा, योगाचार्य रवि कुमार शर्मा, पीटीआई मनोज धाकड़, डिजिटल मीडिया इंचार्ज मोनोतोष मंडल तथा एक्टिविटी इंचार्ज प्रीति गोयल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
