भामाशाहों ने बच्चों को भेंट किए खिलौने व शिक्षण सामग्री, आंगनबाड़ी में बालिका ‘रावी’ का कराया गया प्रवेश
पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। पंचायत समिति मंडावा की ग्राम पंचायत पाटोदा में बुधवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल करते हुए ‘खिलौना बैंक’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में प्रवेश उत्सव भी आयोजित किया गया, जिसमें बालिका रावी का प्रवेश कराकर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। शिविर में उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा के मुख्य आतिथ्य में खिलौना बैंक का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान बिसाऊ तहसीलदार शेर सिंह, पंचायत समिति के प्रतिनिधि राकेश जानू, बाल विकास परियोजना अधिकारी सावित्री कृष्णिया, पुष्पा राठौड़, मंजू ममता,शिक्षा विभाग से राजेन्द्र सिंह तथा ग्राम सरपंच राजपाल सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के भामाशाहों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खिलौने, शैक्षणिक सामग्री एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं भेंट कीं। अधिकारियों ने बताया कि खिलौना बैंक का उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर उपलब्ध कराना, उनकी रचनात्मकता का विकास करना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को अधिक आकर्षक एवं बाल हितैषी बनाना है। प्रवेश उत्सव के तहत आंगनबाड़ी में नवप्रवेशी बालिका रावी का स्वागत कर उसे अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी एवं विद्यालय भेजने का आह्वान करते हुए कहा कि “शिक्षा ही सशक्त भविष्य की कुंजी है।” ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। खिलौना बैंक जैसी अभिनव पहल और प्रवेश उत्सव ने शिविर को विशेष पहचान दिलाई तथा ग्रामीणों और भामाशाहों ने इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
