रवि लोहिया
भीम प्रज्ञा न्यूज़ श्रीगंगानगर।
राजस्थान सरकार के ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सुजावलपुर द्वारा रविवार को जल संरक्षण जागरूकता प्रभात फेरी एवं रैली का आयोजन किया गया। ग्रामीणों को जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई इस रैली ने पूरे गांव में जनचेतना का संदेश दिया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई प्रभात फेरी गांव के मुख्य मार्गों और चौराहों से होते हुए बाबा खेतरपाल मंदिर परिसर पहुंची, जहां ग्रामीणों और मंदिर समिति द्वारा रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को ठंडा मीठा पानी पिलाकर अभिनंदन किया गया। प्रधानाध्यापक उमेश लोहिया ने बताया कि गंगा दशमी के अवसर पर प्रारंभ हुआ यह राज्यव्यापी अभियान आगामी 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को जल संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ते हुए इसे जन आंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने कहा कि जल संकट को देखते हुए आज आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति पानी की एक-एक बूंद के महत्व को समझे और जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए। इसी उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय स्टाफ ने स्कूल परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधारोपण भी किया। अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले भामाशाहों और जल संरक्षण में योगदान देने वाले ‘जल योद्धाओं’ को जिला स्तर पर ‘जल गौरव सम्मान’ से सम्मानित किए जाने की जानकारी भी दी गई। रैली में विद्यार्थियों ने जल संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। रैली अनुशासन की जिम्मेदारी परीक्षित घोड़ेला ने निभाई। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष संदीप सिंह, दलजीत सिंह, बलविन्द्र सिंह धोंसी, आंगनबाड़ी स्टाफ, विद्यालय स्टाफ सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक उमेश लोहिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।
