भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। मंडावा कस्बे में रविवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब सालासर बालाजी मंदिर से दर्शन कर हरियाणा के पानीपत लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी की सामने से आ रही कैंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई। दर्दनाक सड़क हादसे में पांच श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार हादसा मंडावा के बिसाऊ रोड स्थित एनएच-11 पर पुलिया के पास हुआ। श्रद्धालु XUA-700 वाहन में सवार होकर सालासर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कैंपर से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही मंडावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद वाहन का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी श्रवण कुमार, तरुण, राहुल, गुलशन और टॉमी के रूप में हुई है। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से मंडावा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झुंझुनूं रेफर कर दिया गया।थानाधिकारी रामनारायण चोयल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया है। फिलहाल मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
