भीम प्रज्ञा न्यूज.रेवाड़ी।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन रेवाड़ी की ओर से जिला प्रशासन को दो गंभीर मामलों को लेकर लिखित शिकायत सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने जिले के गांव शहबाजपुर खालसा में 6 मई की रात संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं महाराज शोभानाथ जी की प्रतिमा तोड़े जाने तथा 14 अप्रैल भीम जयंती पर गांव कसोला में बाबा साहब का पोस्टर फाड़कर जलाने की घटनाओं को बेहद गंभीर बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।जिला अध्यक्ष रोहित वाल्मीकि ने कहा कि महापुरुषों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन घटनाओं से क्षेत्र में भारी रोष और तनाव का माहौल है, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक आरोपी को पकड़ने के बावजूद उसके खिलाफ गंभीर धाराएं नहीं लगाई गई हैं। रोहित वाल्मीकि ने यह भी कहा कि गांव शहबाजपुर खालसा के जो लोग इस मामले को उठा रहे हैं, उन्हें पुलिस प्रशासन द्वारा परेशान कर डराने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति या संगठन के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित न किया जाए।
भीम आर्मी ने दोनों मामलों में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर विभिन्न धाराओं के साथ रासुका एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही गांव शहबाजपुर खालसा में टूटी प्रतिमा और गांव कसोला में जलाए गए पोस्टर को तुरंत दोबारा स्थापित कराने तथा दोनों घटनास्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी रखी गई। संगठन ने जिला प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो रेवाड़ी में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। जिला अध्यक्ष रोहित वाल्मीकि ने कहा कि आंदोलन में भीम आर्मी चीफ एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद भी शामिल हो सकते हैं। जिला मुख्यालय रेवाड़ी पर ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रभारी अशोक कुमार, सह प्रभारी पवन कुमार, जिला महासचिव सुरजीत सिंह, राजपाल चोटी, प्रवीन कुमार, बुधराम सिंह पंवार, भगत सिंह बौद्ध, जिला उपाध्यक्ष दीपक गोठवाल, कोसली विधानसभा अध्यक्ष संजय सिंह, प्रताप सिंह, जिला सचिव मंजीत सिंह, बिजेंद्र, ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
