भीम प्रज्ञा न्यूज.झुंझुनूं। नेपाल के पोखरा में आयोजित ‘इंडो-नेपाल चैंपियनशिप 2026’ मल्टी स्पोर्ट्स इवेंट में हरियाणा के लाल रोहित कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। झुंझुनूं के हिरवा गांव के दिलीप सिंह झाझडिया के दोहिते जिला महेंद्रगढ़ गांव बरड़ा निवासी सूबेदार रवि प्रकाश लाम्बा (पूर्व- 12 रजरिफ) के सुपुत्र रोहित कुमार ने 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह स्वर्णिम सफलता हासिल की है। 26 मई से 30 मई 2026 तक नेपाल में आयोजित हुई इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रोहित ने अपनी रफ्तार का लोहा मनवाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। रोहित की इस ऐतिहासिक जीत पर उन्हें “हरियाणा का गौरव और भारत की शान” के खिताब से नवाजा जा रहा है। रोहित कुमार की इस अंतरराष्ट्रीय कामयाबी की खबर मिलते ही गांव बरड़ा सहित पूरे महेंद्रगढ़ जिले में जश्न का माहौल है। परिजनों और खेल प्रेमियों को बधाई देने वालों का ताँता लगा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि देश का मान बढ़ाकर लौट रहे अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट रोहित कुमार के गृह राज्य और गांव आगमन पर एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण और खेल संगठन ढोल-नगाड़ों व फूल-मालाओं के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत करेंगे। इस मौके पर मामा धर्मेन्द्र झाझडिया, जितू झाझडिया, सतेन्द्र यादव, अमित सैनी गोलू, पवन शर्मा नवहाल, अमित चौटिया, रजनीकान्त सहित परिवार जनों ने शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।
