पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और अपराध नियंत्रण के संबंध में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.फतेहाबाद। फतेहाबाद पुलिस लाइन स्थित एनजीओ मेस में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर के उपयोग तथा क्राइम कंट्रोल को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में तकनीकी संसाधनों के अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना तथा अपराधों की रोकथाम एवं जांच प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाना रहा। प्रशिक्षण सत्र के दौरान पुलिस कर्मचारियों को आधुनिक सॉफ्टवेयर, डिजिटल प्लेटफॉर्म, तकनीकी उपकरणों एवं विभिन्न ऑनलाइन संसाधनों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि किस प्रकार तकनीक के माध्यम से अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है, अपराध संबंधी सूचनाओं का बेहतर विश्लेषण किया जा सकता है तथा जांच प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दौरान क्राइम कंट्रोल को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। पुलिस कर्मचारियों को अपराध की बदलती प्रवृत्तियों, तकनीकी माध्यमों से अपराधों की रोकथाम, डेटा विश्लेषण, सूचना संकलन तथा आपसी समन्वय के माध्यम से अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधी भी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं, ऐसे में पुलिस कर्मियों का तकनीकी रूप से सक्षम होना बेहद जरूरी है। अत्याधुनिक सॉफ्टवेयर और डिजिटल संसाधनों का सही उपयोग पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ अपराधों के प्रभावी नियंत्रण में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी नई तकनीकों से अपडेट रहें और आमजन को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। प्रशिक्षण सत्र में मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने भी तकनीकी जानकारी को अपने कार्यक्षेत्र में उपयोगी बताते हुए इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
