भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा।
चिड़ावा शहर में ट्रेजरी के पास नए कुएं से डाली गई मुख्य पेयजल पाइपलाइन से कनेक्शन लेने को लेकर वार्डवासियों और वकीलों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। वार्डवासियों ने प्रस्तावित कनेक्शन को अवैध बताते हुए इसका विरोध जताया है। वार्ड के लोगों का आरोप है कि कोर्ट परिसर से जुड़े कुछ लोग और वकील मुख्य पाइपलाइन से जबरन कनेक्शन लेना चाहते हैं, जबकि वाटर वर्क्स की नियमित लाइन मात्र 10 फीट की दूरी पर पहले से उपलब्ध है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष एसडीएम और एईएन के आदेशों का हवाला देकर उन पर दबाव बना रहा है। विवाद की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। वार्डवासियों के अनुसार संबंधित विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मुख्य पाइपलाइन से किसी भी प्रकार का अवैध कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर वकीलों का कहना है कि कोर्ट परिसर में लंबे समय से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिसके चलते उन्होंने कोर्ट के पास स्थित कुएं से कनेक्शन देने की मांग की है। एईएन सविता चौधरी ने बताया कि कनेक्शन को लेकर विवाद की जानकारी मिली है तथा दोनों पक्षों से समझाइश कर जल्द ही मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
