भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा।
फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत मंड्रेल्ला रोड़ स्थित विवेकानन्द पब्लिक स्कूल व श्रीराम बस्ती, चिड़ावा द्वारा “फिट इंडिया साइक्लिंग ड्राइव” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 60 बच्चों, युवाओं एवं श्री राम बस्ती के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रसामृत आयुर्वेदिक केंद्र के डायरेक्टर डॉ. कृष्णदत्त, विवेकानन्द स्कूल के निदेशक शिवचन्द सैनी, रजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भावठड़ी के प्रधानाचार्य विजेंद्र यादव , सूबेदार रामवतार शेखावत , संदीप, रसामृत आयुर्वेदिक केंद्र के मैनेजिंग डायरेक्टर हेमंत, नवीन लाम्बा व भारतीय खेल विकास परिषद के राष्ट्रीय महासचिव विक्रम सिंह ने सभी विद्यार्थियों को फिटनेस , अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साइक्लिंग ड्राइव प्रातः 7:30 बजे बालाजी मंदिर, विधायक नगर से प्रारम्भ होकर विवेकानन्द स्कूल खेल मैदान तक आयोजित की गई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “फिट इंडिया” के नारों के साथ स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि फिट इंडिया अभियान के तहत 20 मई से समर कैंप का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जिसकी विभिन्न गतिविधियां फिट इंडिया पोर्टल पर 21 जून तक संचालित रहेंगी। कैंप के अंतर्गत “नमो फिट इंडिया यूथ क्लब” एवं “फिट इंडिया फ्रीडम रन 6.0” के तहत विभिन्न रचनात्मक एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक सप्ताह एक विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस फिट इंडिया मूवमेंट के तहत समर कैंप में कक्षा 3 से 10 वीं तक के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे से 10:00 बजे तक आयोजित कैम्प में नैतिक मूल्य शिक्षा, इंग्लिश स्पोकन, मैथ्स फॉर्मूला, एआई शिक्षा की उपयोगिता, साइबर क्राइम जागरूकता, एक्सरसाइज, योग एवं सेल्फ डिफेंस जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियां शामिल हैं।

कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल विकास परिषद के मार्गदर्शन में किया गया तथा शिक्षाएआई द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। विद्यालय परिवार ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वास्थ्य जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, साइक्लिंग एवं फिट इंडिया अभियान से जुड़कर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।
