सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज.बीकानेर। राजस्थान सरकार के जन कल्याण शिविर के अंतर्गत आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीण पशुपालकों के लिए भी राहत और सुरक्षा का माध्यम बन रहे हैं।पूगल तहसील की ग्राम पंचायत हनुमान नगर में आयोजित शिविर के दौरान पशुपालन विभाग ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 20 पशुपालकों को तत्काल बीमा पॉलिसियां जारी कर लाभान्वित किया। उपखण्ड अधिकारी दिव्या बिश्नोई ने बताया कि शिविर में पशुपालक शरवती, निरमा, मीरा देवी एवं लीला देवी सहित अन्य पशुपालकों ने अपने पशुओं के बीमा के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। पशुपालन विभाग ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं शिविर में ही पूरी करते हुए मौके पर बीमा पॉलिसियां जारी कर लाभार्थियों को वितरित कीं।विदित है कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत गाय, भैंस एवं ऊंट के लिए प्रति पशु अधिकतम 40 हजार रुपये तथा बकरी एवं भेड़ के लिए प्रति पशु अधिकतम 4 हजार रुपये तक का बीमा सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जाता है। इससे पशुपालकों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक संबल मिलेगा और पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। बीमा पॉलिसी प्राप्त होने पर लाभार्थी पशुपालकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उन्हें बिना किसी अतिरिक्त भागदौड़ के योजना का लाभ मिल गया। उन्होंने उपखंड अधिकारी दिव्या बिश्नोई, शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार अशोक पारीक, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मुकेश भारती, सहायक विकास अधिकारी हरिराम खांडा, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कोमल राठौड़, एलएसआई मीना तथा परिचर हरीश कुमार सहित पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
