रमेशचंद
भीम प्रज्ञा न्यूज.नीमराना।
श्री कृष्णा यादव महासभा (रजि.) के राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन के विस्तार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेविका डॉ. अंजली यादव को राजस्थान महिला प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। यह नियुक्ति महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव पूर्व चेयरमैन ओबीसी आयोग, दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय संगठन महासचिव एडवोकेट हेमंत यादव तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अनुशंसा पर की गई है। महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ एवं कल्पना चावला अवार्ड से सम्मानित निशा यादव ने नियुक्ति पत्र जारी किया। डॉ. अंजली यादव की नियुक्ति की सूचना मिलते ही अलवर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों में समाज के लोगों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। समाज के वरिष्ठजनों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं संगठनात्मक विस्तार के क्षेत्र में सार्थक कार्य होंगे। इस अवसर पर डॉ. अंजली यादव ने कहा, “राष्ट्रीय नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है उसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं। मैं इस दायित्व का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करूंगी। मेरा लक्ष्य राजस्थान की महिलाओं को संगठित कर उन्हें शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सामाजिक जागरूकता और अधिकारों के प्रति प्रेरित करना है। संगठन की विचारधारा और जनकल्याणकारी उद्देश्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हम सभी मिलकर काम करेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि प्रदेशभर में समाज की एकता को मजबूत करने, महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने और युवा पीढ़ी को संगठन से जोड़ने के लिए सक्रिय अभियान चलाए जाएंगे।
