जिले के पार्कों, सुनसान स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई गई
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज.फतेहाबाद। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से फतेहाबाद पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों द्वारा जिले के विभिन्न पार्कों, सुनसान क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने तथा सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस जवान समय-समय पर पार्कों एवं अन्य स्थानों पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों की गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं और संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा केवल घटना के बाद कार्रवाई ही नहीं, बल्कि पहले से सतर्कता बरतते हुए निवारक कदम भी उठाए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की गतिविधि को अंजाम न दे सकें। फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। यदि किसी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाना, डायल-112 या अन्य पुलिस माध्यमों से दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। फतेहाबाद पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
