टोहाना समाधान शिविर में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों पर हुई सुनवाई
रजत विजय रंगा भीम प्रज्ञा न्यूज.टोहाना
नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के जनहितैषी दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन और प्रशासन के बीच प्रभावी संवाद का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। यह बात एसडीएम आकाश शर्मा ने गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में आयोजित उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनने के दौरान कही।एसडीएम आकाश शर्मा ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में विद्युत विभाग, सिंचाई विभाग तथा परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से संबंधित कुल पांच शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना है।प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिले तथा उसकी शिकायत का प्रभावी समाधान हो। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों की गहनता से जांच कर उनका निर्धारित समयावधि में निपटान किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, ताकि नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि शिविर में परिवार पहचान पत्र में आय संशोधन, नए सदस्यों के पंजीकरण, राशन कार्ड, बिजली तथा पुलिस विभाग से संबंधित मामलों का भी समाधान किया जा रहा है। आकाश शर्मा ने क्षेत्रवासियों से कहा कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां आमजन की शिकायतें सुनकर उनके समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जाती है।
