रजत विजय रंगा भीम प्रज्ञा @ न्यूज.फतेहाबाद
अपराध एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प को साकार करने की दिशा में फतेहाबाद पुलिस ने मई माह के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 209 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत नशा तस्करों, संपत्ति अपराधियों, साइबर ठगों, अवैध हथियार रखने वालों तथा अन्य आपराधिक तत्वों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया।पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मई माह में एनडीपीएस एक्ट के 59 मामलों में 76 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 4.59 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए गए तथा कमर्शियल मात्रा के सात बड़े मामले उजागर किए गए। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई करते हुए तीन बड़े तस्करों की 23 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति कुर्क करवाई गई। इसके अलावा पुलिस ने चोरी, साइबर अपराध, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और फरार अपराधियों के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाकर कई मामलों का खुलासा किया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को भी करारा झटका लगा है।पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कहा कि जिले में अपराध और नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। फतेहाबाद पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जन-जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दे रही है। जिले के स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों और सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य सुरक्षित, स्वस्थ और नशा मुक्त समाज का निर्माण करना है
