भीम प्रज्ञा न्यूज.पचेरी। शेखावाटी क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों को लेकर लगातार सक्रिय लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट सेवा कार्यों के जरिए अपनी अलग पहचान बना रहा है। ट्रस्ट की ओर से योग, शिक्षा और संस्कार जैसे तीन प्रमुख विषयों को केंद्र में रखते हुए गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।अमावस्या के अवसर पर ट्रस्ट की ओर से शेखावाटी क्षेत्र की प्रत्येक तहसील में भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कड़ी में बुहाना तहसील के पचेरी कस्बे की कच्ची बस्तियों में ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को भोजन कराया। ट्रस्ट के तहसील प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि संस्था की ओर से समय-समय पर जरूरतमंदों के लिए भोजन वितरण, सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ दिलाने सहित विभिन्न सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऐसे लोगों की सहायता करने का प्रयास किया जाता है, जिनका कोई सहारा नहीं है या जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उन्होंने बताया कि अमावस्या पर कार्यकर्ताओं ने कच्ची बस्ती में पहुंचकर वहां रहने वाले परिवारों को एक स्थान पर एकत्रित किया और सभी को भोजन कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली। भोजन वितरण कार्यक्रम में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मनोज पंवार, विकास कुमार, अनिल, कुमार, संजय, अजित, आकाश, हनिश सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही संस्था का प्रमुख उद्देश्य है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।