भीम प्रज्ञा न्यूज .झुंझुनूं।
विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों का समापन शुक्रवार को एएनएमटीसी में समारोहपूर्वक हुआ। सप्ताह के दौरान बीडीके अस्पताल, नर्सिंग महाविद्यालय एवं एएनएमटीसी में पोस्टर, स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। समापन कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉक्टर छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ एवं अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. जितेंद्र भाम्बू मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता आरसीएचओ डॉ. डीएन सिंह ने की। सीएलएमसी प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मां के दूध के महत्व को लेकर जागरूकता जरूरी
डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने स्तनपान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माताओं और आमजन को स्तनपान के लाभों के प्रति लगातार जागरूक किया जाना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं की नियमित काउंसलिंग करते हुए उन्हें स्तनपान से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया। आरसीएचओ डॉ. डीएन सिंह ने कहा कि जन्म के बाद छह माह तक केवल मां का दूध शिशु के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि स्तनपान को लेकर परिवार और समाज में जागरूकता बढ़ाना स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
पोस्टर, निबंध और स्लोगन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने जीते पुरस्कार
एएनएमटीसी विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रियंका प्रथम और वर्षा द्वितीय, निबंध प्रतियोगिता में रजत प्रथम और प्रिया द्वितीय, जबकि स्लोगन प्रतियोगिता में अंतिमा प्रथम और ज्योति द्वितीय स्थान पर रहीं। विजेता विद्यार्थियों को पीएमओ एवं अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने पुरस्कार एवं पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एएनएमटीसी प्रिंसिपल बीना तेतरवाल, प्रियंका, अनिता, सुरेंद्र, वंदना, निधि, अंजना, मुकेश एवं नटवर सहित एएनएमटीसी के विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


देश
राजनीति
Web Story





