भीम प्रज्ञा न्यूज़. सुल्ताना। श्री बालाजी महाराज के जयकारों और श्रद्धा के माहौल के बीच आज सुल्ताना स्थित थाने वाले बालाजी मंदिर से सालासर धाम के लिए वार्षिक पदयात्रा का निशान विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुआ। दोपहर 2:15 बजे निशान पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं ने बाबा सालासर के दर्शन की मंगल कामना के साथ यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे लगाते हुए यात्रा में भाग लिया।

निशान पूजा एवं धार्मिक कार्यक्रम में आचार्य मोहित शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा करवाई, संघ के संस्थापक अनिल टेलर, और कन्हैया लाठ ने बताया कि राजेंद्र सिंह शेखावत,गोविंद अलसीसरिया, महेश  शेखावत,  रामनिरंजन पुजारी, विजेंद्र  शेखावत, मनोज भाटी, सज्जन किठानिया, शंभू सैन नरेंद्र शर्मा (चिड़ावा) एवं विजय  शर्मा सहित श्रद्धालुओं ने निशान पूजा की।

पदयात्रा का निर्धारित कार्यक्रम

- 21 अक्टूबर: थाने वाले बालाजी मंदिर, सुल्ताना से निशान पूजा के बाद प्रस्थान; रात्रि विश्राम बड़ागांव में।


- 22 अक्टूबर: दोपहर विश्राम डाबली में तथा रात्रि विश्राम घोड़ी वाला बालाजी मंदिर में।


- 23 अक्टूबर: दोपहर विश्राम बालारा में तथा रात्रि विश्राम लक्ष्मणगढ़ में।


- 24 अक्टूबर: दोपहर विश्राम अन्नपूर्णा माता मंदिर, भोमा में तथा रात्रि विश्राम गौशाला, मंगलुना में।


- 25 अक्टूबर: प्रातः काकड़ पूजा के बाद निशान बाबा के चरणों में अर्पित किया जाएगा। इसी दिन सालासर धाम से वापसी होगी।


आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस पावन पदयात्रा में सम्मिलित होकर बाबा बालाजी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।