भीम प्रज्ञा न्यूज़. झुंझुनू। झुंझुनू मुख्यालय के मोदी वर्ल्ड क्रिकेट (विजडम सिटी) मैदान पर आयोजित चार दिवसीय (16-19 अक्टूबर) सातवीं स्टेट पैरामेडिकल प्रीमियर लीग का समापन सोमवार को हुआ। फाइनल मुकाबले में नागौर जिले की "नागौर बुल्स" ने सीकर जिले की "सीकर सुपर किंग्स" को कड़े संघर्ष में हराकर चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खिताब जीतने के बाद नागौर बुल्स ने आगामी आठवीं पैरामेडिकल स्टेट लेवल क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी की जिम्मेदारी भी ली।

Watermark

​स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के पैरामेडिकल कर्मियों द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में प्रदेश भर की 10 टीमों—झुंझुनू वारियर्स इंडिया, सीकर सुपर किंग्स, ऑप्टोमेट्री किंग्स जयपुर, एसएमएस रॉयल्स जयपुर, एसएमएस सुपर 11 जयपुर, रेडियो रॉयल्स अजमेर, किंग्स इलेवन किशनगढ़, नागौर बुल्स, 11 स्टार्स कोटा और बीकानेर ब्लास्टर्स ने हिस्सा लिया। टीमों के बीच कुल 20 लीग मैच खेले गए। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले झुंझुनू वारियर्स इंडिया व नागौर बुल्स तथा सीकर सुपर किंग्स व बीकानेर ब्लास्टर्स के बीच खेले गए थे।

​समापन समारोह में गुलजार फौजी नूंआ ने विजेता, उपविजेता, मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज रहे खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में चरित्र निर्माण, अनुशासन, कड़ी मेहनत और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुणों का विकास होता है, जिससे वे राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं।

​टूर्नामेंट के संयोजक और राजस्थान रेडियो टेक्नोलॉजिस्ट एसोसिएशन (RRTA) के प्रदेश संयुक्त सचिव कार्तिक सैनी ने सभी प्रतिभागियों, प्रायोजकों और व्यवस्था में जुटे सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए अगले सीजन के लिए 'नागौर में फिर मिलेंगे' के संदेश के साथ प्रतियोगिता के आधिकारिक समापन की घोषणा की।

​इस सफल आयोजन में मुख्य प्रायोजक साइंस स्क्वायर आईआईटी/नीट चिड़ावा, सह-प्रायोजक गुलजार फौजी नूंआ और मानवी ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का सहयोग रहा। टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजन समिति के कार्तिक सैनी, इकरार खान, सुखविंदर पाल, कुश मीणा, मोहित सैनी और विजय शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।