चिड़ावा। जन सेवा संस्थान, चिड़ावा के तत्वावधान में आयोजित तेरहवां दुर्गा पूजा महोत्सव शहर में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। मंगलवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर माता दुर्गा के नवें स्वरूप माँ सिद्धिदात्री की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

Watermark

​महोत्सव के अंतिम दिन प्रात:काल माँ के नौ स्वरूपों की विशेष पूजा के साथ कन्या पूजन (कन्या भोज) का आयोजन किया गया। जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष रवि सोनी ने बताया कि इसके पश्चात दोपहर से लेकर देर शाम तक भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

सांस्कृतिक संध्या और मुख्य अतिथि का सानिध्य:

महोत्सव के सांध्यकालीन सत्र में समाजसेवी अमित सैनी (राज दुल्हा हाउस) ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पंडित सुनील शर्मा ने मुख्य अतिथि द्वारा विधि-विधान से माँ सिद्धिदात्री की पूजा संपन्न कराई। इस दौरान समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक देवी दत्त शर्मा और प्रधानाचार्य महेंद्र वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

​नौ दिनों तक चले इस दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। अतिथियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया। साथ ही, संस्थान के पिछले नौ दिनों के सेवा कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा जन सेवा संस्थान के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को उनके सराहनीय योगदान के लिए अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

महोत्सव के अगले दिन बुधवार को प्रातः 10:00 बजे माँ रानी की अंतिम पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद डीजे की धुनों पर भक्ति गीतों के साथ नाचते-गाते हुए भक्तगणों ने भव्य शोभायात्रा निकाली और नम आँखों के साथ दहलाने जोहड़ में माँ दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया। इस पावन अवसर पर शहर के सेकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।