भीम प्रज्ञा न्यूज़. झुंझुनूं। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रेलवे ने गुरुवार सुबह अमृत जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन कर शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति से यात्रियों की समस्याओं एवं उनकी मांगों पर चर्चा कर शीघ्र समाधान करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में रेलवे के परिवहन निरीक्षक राजेन्द्र तंवर, सीआरएस सुरेश यादव, स्टेशन मैनेजर नरेन्द्र गहलोत एवं जीआरपी के एएसआई राजेश यादव ने अमृत जन संवाद में समिति के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।

समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के नेतृत्व में चन्द्रप्रकाश धूपिया, श्रवण कुमार गोयनका, अली हसन परवेज, जाकिर अब्बासी, जुल्फिकार अली खान, अनिल शर्मा, विनोद खन्ना, भोपाल सिंह पटवारी, कैप्टेन मोहनलाल, रामप्रताप आर्य आदि ने रेलवे अधिकारियों का स्वागत किया और उनके समक्ष यात्रियों की मांगे रखी।

अमृत जन संवाद कार्यक्रम में मुख्य रूप से झुंझुनूं रेलवे स्टेशन को खेतड़ी, मंडावा, बिसाऊ, सादुलपुर, उदयपुरवाटी से जोड़कर जंक्शन बनाने, सैनिक एक्सप्रेस का विस्तार हरिद्वार तक करने व जयपुर जाते समय नूआं स्टेशन पर स्टापेज करने, हिसार-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस में 5 डिब्बे सैकंड स्लीपर क्लास के जोड़ने, सूरत और बोरीवली में स्टापेज शुरू करने और इसे प्रतिदिन चलाने, हिसार-खड़की एक्सप्रेस में डिब्बे बढ़ाने व इसे प्रतिदिन चलाने सहित झुंझुनूं होकर जोधपुर-दिल्ली, जयपुर-कोलकाता, जयपुर-गोवाहाटी, हिसार-अहमदाबाद-मुंबई, जयपुर-लोहारु, लोहारू-जयपुर, लोहारू-सवाई माधोपुर की नई ट्रेनें चलाने की मांगो सहित बिसाऊ, रतन शहर एवं नूआं रेलवे स्टेशनों पर सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू करने की मांग की गई।

इसके अलावा स्टेशन के पार्किंग एरिया में टॉयलेट बनाने, नई बिल्डिंग में बने पे एण्ड यूज टॉयलेट, एसी वैटिंग हॉल, क्लॉक रूम व रेस्टोरेन्ट की सुविधा शुरू करने, स्टेशन से गुढ़ा फाटक तक पटरी के दोनों ओर फेंसिंग करवाने, स्टेशन पर सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, रेलवे में ठेकेदारी प्रथा बन्द करने, रेल यात्री जागरुकता कार्यक्रम चलाने पर भी चर्चा हुई।