भीम प्रज्ञा न्यूज. झुंझुनूं!

जिले में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के निर्वाचन क्षेत्रों के साथ पंचायत समितियों के प्रधान पद के आरक्षण का निर्धारण 18 अगस्त को लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

इसी दिन जिले की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंचों के निर्वाचन क्षेत्रों के आरक्षण की लॉटरी भी उपखंड मुख्यालयों पर आयोजित होगी। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के वार्डों यानी एकल निर्वाचन क्षेत्रों तथा पंचायत समितियों के प्रधान पद के आरक्षण के लिए 18 अगस्त को सुबह 10 बजे सूचना केंद्र सभागार झुंझुनूं में लॉटरी निकाली जाएगी।

दोपहर 2 बजे उपखंड मुख्यालयों पर होगी प्रक्रिया इसी दिन ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंचों के निर्वाचन क्षेत्रों के आरक्षण की कार्यवाही संबंधित उपखंड मुख्यालयों पर दोपहर 2 बजे की जाएगी। जिला कलेक्टर ने जिले के सभी उपखंड अधिकारियों को निर्धारित समय पर लॉटरी प्रक्रिया आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।


प्रशासन की ओर से अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आरक्षण की पूरी कार्यवाही निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए। साथ ही लॉटरी के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला परिषद, पंचायत समितियों तथा ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों में आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इससे आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को भी गति मिलने की संभावना है। संभावित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों की निगाहें अब 18 अगस्त को होने वाली इन लॉटरी प्रक्रियाओं के परिणाम पर रहेंगी।