भीम प्रज्ञा न्यूज.बुहाना। भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त होने के बाद पहली बार गृह जिले झुंझुनूं पहुंचे किसान पुत्र सतीश गजराज का गुरुवार को बुहाना में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। जयपुर से शुरू हुआ अभिनंदन यात्रा कार्यक्रम रींगस, सीकर, नवलगढ़, झुंझुनूं, बगड़, चिड़ावा और सूरजगढ़ होते हुए बुहाना पहुंचा। पूरे मार्ग में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी।

बुहाना पहुंचते ही जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा, नारों से गूंजा क्षेत्र
सतीश गजराज का काफिला जैसे ही बुहाना तहसील के सामने सूरजगढ़-सिंघाना मोड़ पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद सैकड़ों की संख्या में युवाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। दो जेसीबी से पुष्पवर्षा कर सतीश गजराज का अभिनंदन किया गया। युवाओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं। इस दौरान भाजपा पार्टी जिंदाबाद और सतीश गजराज जिंदाबाद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। डीजे की धुनों के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। लंबे काफिले के साथ सतीश गजराज जब अपने लोगों के बीच पहुंचे तो माहौल पूरी तरह उत्साह और खुशी से भर गया।
अपनों के बीच पहुंचे तो भावुक हुए सतीश गजराज
स्वागत समारोह में संबोधित करते हुए सतीश गजराज अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि वे दो बार झुंझुनूं भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं तथा जिला परिषद सदस्य के रूप में भी काम किया है। उन्होंने कहा कि एक समय वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के स्वागत कार्यक्रमों में कार्यकर्ता के रूप में खड़े रहकर उनके आने का इंतजार किया करते थे। आज उसी संगठन ने एक छोटे से कार्यकर्ता को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी देकर सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उन्हें भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी देकर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं। यह जिम्मेदारी उनके साथ-साथ क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान है।

वाल्मीकि समाज की सफाईकर्मी महिलाओं ने रखी नौकरी स्थायी करने की मांग
अभिनंदन समारोह के दौरान वाल्मीकि समाज की सफाईकर्मी महिलाएं भी सतीश गजराज से मिलने पहुंचीं। महिलाओं ने अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए बुहाना नगरपालिका में सफाई कार्य करने वाली महिलाओं को नौकरी में स्थायी करने तथा नगरपालिका में भर्ती का अवसर उपलब्ध करवाने की मांग रखी। महिलाओं ने सतीश गजराज से कहा कि वे अब प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं, इसलिए उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सतीश गजराज उनकी मांग को गंभीरता से लेकर जयपुर में सरकार के समक्ष इस मुद्दे को उठाएंगे। महिलाओं ने कहा कि “आप हमारे क्षेत्र के हैं और अब प्रदेश में हमारी आवाज उठाने की जिम्मेदारी भी आपके पास है। हमें उम्मीद है कि आप हमारी मांग सरकार तक पहुंचाएंगे और हमारी समस्या का समाधान करवाने का प्रयास करेंगे।” महिलाओं की बात सुनकर सतीश गजराज ने उनकी मांग को सरकार और संबंधित स्तर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिलाओं में भी उम्मीद और उत्साह नजर आया। वाल्मीकि समाज की महिलाओं का यह संवाद कार्यक्रम के दौरान खास चर्चा का विषय रहा।
“कार्यकर्ता निराश नहीं हों, आपका भाई-बेटा प्रदेश में आपके साथ खड़ा है”
सतीश गजराज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी कार्यकर्ता को निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के भाई और बेटे की तरह हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे। कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्रदेश स्तर तक पहुंचाने और उनकी आवाज मजबूती से उठाने का उन्होंने भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसमें वे क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं को प्राथमिकता के साथ सरकार और संगठन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
पंचायती राज चुनाव में भाजपा की जीत का किया दावा
सतीश गजराज ने आगामी पंचायती राज चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरें। उन्होंने दावा किया कि आने वाले पंचायती राज चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत हासिल करेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा की मजबूत सरकार बनाने का काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा के कमल के फूल के पक्ष में मतदान कर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
जयपुर से शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला
सतीश गजराज के अभिनंदन कार्यक्रम का सिलसिला जयपुर से शुरू हुआ। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जयपुर से सुबह 7:15 बजे रवाना होकर सुबह 9 बजे रींगस में स्वागत किया गया। इसके बाद सीकर बाईपास, सीकर-पिपराली चौराहा, तेजा ग्रेनाइट के पास, नवलगढ़ बॉर्डर, भाजपा कार्यालय नवलगढ़, झुंझुनूं रोड नंबर 3, मठ चौराहा, बगड़ तिराहा, ओजटू बाईपास, चिड़ावा बाईपास और सूरजगढ़ घरडू चौराहा होते हुए काफिला बुहाना पहुंचा। बुहाना के बाद पालोता जन सेवा केंद्र पर भी अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने दी बधा
बुहाना में आयोजित अभिनंदन समारोह में पूर्व सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया और सतीश गजराज को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि सतीश गजराज लंबे समय से संगठन और क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य कर रहे हैं। प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। कार्यक्रम में किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं झुंझुनूं जिलाध्यक्ष रतन सिंह तंवर, पूर्व सरपंच जसवंत यादव, भाजपा नेता भरत बोहरा, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश यादव खान्दवा, पूर्व सरपंच सत्यवीर गुर्जर, नरेश रांगेय, अशोक कुमार, कपिल सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा एवं समर्थक मौजूद रहे।


देश
राजनीति
Web Story





