ब्रेथ एनालाइजर से जांच, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
डीजीपी के निर्देश पर मंडावा पुलिस का हाईवे पर बड़ा एक्शन, संदिग्ध वाहनों की हुई सघन तलाशी
पवन कुमार शर्मा
भीम प्रज्ञा न्यूज.मंडावा। प्रदेश में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंडावा थाना पुलिस ने कस्बे में सीकर-झुंझुनूं सीमा पर नेशनल हाईवे पर देर रात विशेष नाकाबंदी अभियान चलाकर वाहनों की सघन जांच की। पुलिस महानिदेशक के निर्देशों की पालना में चलाए गए इस अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों की तलाशी लेने के साथ-साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की गई। मंडावा थाना प्रभारी सीआई रामनारायण चोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम करीब तीन घंटे तक हाईवे पर मुस्तैदी से तैनात रही। अभियान के दौरान पुलिस ने आने-जाने वाले वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। पुलिस द्वारा वाहनों की गहन तलाशी लेकर ड्रग्स तस्करी, अवैध हथियारों की आवाजाही और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी गई।
नाकाबंदी के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई चालान काटे गए। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों की मौके पर ही ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जांच में दोषी पाए गए वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे शराब पीकर वाहन नहीं चलाएं तथा यातायात नियमों की पालना करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
थाना प्रभारी सीआई रामनारायण चोयल ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के तहत यह विशेष अभियान चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और नशे में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करना था। उन्होंने कहा कि मंडावा पुलिस भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रखेगी, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकें।
