सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज.खाजूवाला/पूगल। खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गंगाजली के 66 आरडी में वन विभाग की कार्रवाई के दौरान गरीब परिवारों के मकान और दुकानों को तोड़े जाने के बाद विरोध तेज हो गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद क्षेत्र में वन विभाग द्वारा जारी नोटिसों और बेदखली की कार्रवाई के विरोध में 22 जुलाई को पूगल उपखंड कार्यालय के घेराव का ऐलान किया गया। पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने कहा कि गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़ना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों की लड़ाई में वे हर कदम पर उनके साथ खड़े रहेंगे। दौरे के बाद 2 केएचएम स्थित बशीर खां की ढाणी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि 6 बीडी, 9 केजेडी, सामरदां, 2 पीबी, 5 पीबी, 6 पीबी, 2 केडब्ल्यूएम, माधोडिग्गी, 20 बीडी, डंडी, कंकराला, मंडी 465, 18 केजेडी और आनंदगढ़ सहित कई गांवों में वर्षों से रह रहे लोगों को जमीन वन विभाग की बताकर नोटिस दिए जा रहे हैं। कई स्थानों पर मकान खाली कराने और तोड़फोड़ की कार्रवाई से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 22 जुलाई को सुबह 11 बजे अंबेडकर भवन, पूगल से विशाल रैली निकाली जाएगी, जो मुख्य बाजार से होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचेगी। वहां शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा। पूर्व मंत्री मेघवाल ने किसानों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर प्रभावित परिवारों के हक और अधिकार की लड़ाई को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता ही अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ी ताकत है।
