भीम प्रज्ञा न्यूज.सिंघाना। कैंब्रिज नर्सिंग इंस्टीट्यूट, सिंघाना में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के निदेशक एवं मुख्य अतिथि रहीश यादव द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। संस्था के निदेशक रहीश यादव ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में कार्य करने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संस्था के चेयरमैन हरिकृष्ण, प्राचार्य रोशनलाल सैनी सहित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।